संसद में हार के बाद लिबरल दल ने मौन
मोंट्रियाल में लिबरल दल सम्मेलन की तैयारी
मार्च २४, २०१० – प्रधान मंत्री हार्पर सरकार को गर्भपात के मुद्दे पर फँसाने के लिए बिछाए जाल में स्वयं लिबरल दल फँस गया है। इस लज्जाजनक हार से कैसे आगे बढ़ें, यह बोझ लिबरल दल पर भारी पड़ रहा है।
मंगलवार को दल की सभा में लिबरल नेता माइकल इग्नाटिएफ ने इस गलती का दायित्व स्वीकार किया। कुछ विद्रोही लिबरल सांसदों ने लिबरल प्रस्ताव पर कंज़र्वेटिव दल से मिलकर मतदान किया और प्रस्ताव विफल हो गया। यह प्रस्ताव हार्पर द्वारा मातृ और बाल स्वास्थ्य के बारे में उठाए गए कदमों के बारे में था।
इग्नाटिएफ ने स्वीकार करते हुए कहा, "कल रात मैं शायद अन्य परिणाम को अधिक चाहता और हमें दल के आंतरिक मुद्दे सुलझाने हैं।"
प्रस्तावना थी कि सरकार द्वारा उठाए कदमों में "जन्म नियंत्रण, यौन और प्रजननीय स्वास्थ्य का पूर्ण पटल, गर्भ निरोध सहित" विकासशील देशों की औरतों के लिए हो।
मंगलवार को, यह प्रस्ताव छ्ह मतों से विफल हो गया। तीन लिबरलों ने कंज़र्वेटिव दल के पक्ष में मतदान किया। और चौदह लिबरल सांसदों ने, जिनमें से अधिकतर गर्भपात विरोधी हैं, मतदान नहीं किया या वह संसद के मंगलवार के सत्र में अनुपस्थित रहे।
जून में टोरोंटो में होने वाले जी-८ का मुख्य विषय मातृ और बाल स्वास्थ्य बनाने का प्रस्ताव टोरी दल ने किया था।
विरोधी दल सरकार पर स्पष्टीकरण का दबाव डाल रहे हैं कि क्या इन कदमों में उन परियोजनाओं के लिए धन आवंटित किया जाएगा जो विकासशील देशों में गर्भपात और गर्भनिरोध उपलब्ध करवाती हैं, टोरी दल इस मुद्दे से बच रहा है।
इस दौरान, लिबरल भी मौन हैं कि वह अपने दल में हुई लज्जाजनक अनुशासनहीनता से कैसे निबटेंगे। माइकल इग्नाटिएफ ने इनकार किया कि उनके नेतृत्व पर निशाना साधा जा रहा है।
इग्नाटिएफ ने कहा, "मैं नहीं सोचता कि मेरे सिपाही मेरे पर ही गोली चला रहे हैं।" उन्होंने आगे कहा कि उनका दल "प्रजननीय स्वास्थ्य के घरेलू और विदेशी अधिकारों" के विषय पर दबाव बनाए रखेगा।
दल के अंदर के लोगों का कहना है कि इस विवादित विषय पर इग्नाटिएफ ने अपने सांसदों से मशिवरा नहीं किया जो कि दल में भी विवाद का विषय है। उनमें से कई पिछली पतझड़ से बौखलाए हुए हैं जब इग्नाटिएफ ने अपने दल से सलाह किए बिना टोरी सरकार को गिराने के लक्ष्य की घोषणा कर दी थी।
लिबरल सांसद राल्फ गुडेल ने कहा कि जिन लिबरल सांसदों ने इस प्रस्ताव के विरोध में मत दिया है, उन्हें "आंतरिक परिणाम भुगतने होंगे" हो सकता है कि उनसे कार्यालय की कुछ सुविधाएँ वापिस ले ली जाएँ जैसे की संसद में प्रश्न पूछने का अधिकार।
गुडेल ने आगे कंज़र्वेटिव दल की इस विषय की नीति पर प्रश्न चिह्न लगाते हुए पूछा, "क्या वह कह रहे हैं कि इस विश्व के समृद्ध देशों के लिए एक नियम है और विश्व के गरीब देशों पर दूसरे सैद्धांतिक नियम लगते हैं।"
परन्तु कंज़र्वेटिव सांसद लिबरल की स्वयं को दी गई हार पर ध्यान खींचते हुए खिल्ली उड़ा रहे थे।
टोरी सांसद जैफ्फ वाटसन ने संसद में कहा, "हमने लिबरल नेता को बताया था कि यह प्रस्ताव फूट डालने वाला है। और हम सही थे। उसने अपने दल में फूट डाल ली है।"
टोरी सांसद यह बताने में आनाकानी कर रहे हैं कि मातृ और बाल स्वास्थ्य के कदमों में क्या सम्मिलित है।
कंज़र्वेटिव सांसद जेम्स राजोट्टे ने कहा यह कदम स्वच्छ जल और स्वच्छता के लिए मूलभूत जनसुविधाओं के बारे में है।
जब उससे पूछा गया कि क्या गर्भनिरोध या गर्भपात भी इसमें होना चाहिए, तो उसका उत्तर था, "और इससे ईथोपिया के लोगों का जीवन कैसे सुधारेगा?"


अन्य ख़बरें