
20 वें स्थान पर रैना, 21 वें पर कोहली
टीम इंडिया के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी आईसीसी वनडे बल्लेबाजी रैंकिंग में इस साल भी अब तक शीर्ष पर बरकरार हैं .... युवा खिलाड़ी सुरेश रैना और विराट कोहली ने बांग्लादेश में हाल में खत्म हुई ट्राई वनडे सीरीज में शानदार प्रदर्शन कर लंबी छलांग लगाई है।
मध्य क्रम में खेलते हुए सुरेश रैना ने सीरीज में 210 रन बनाकर 10 पायदान की छलांग लगाई है और अब वह 20वें स्थान पर काबिज हैं। इससे अब वे शीर्ष 20 में शामिल होने वाले छह भारतीय बल्लेबाजों में एक हैं।
टॉप-20 मे छह भारतीय : शीर्ष 20 में शामिल अन्य भारतीयों में धोनी, सचिन तेंडुलकर आठवें (चार पायदान के नुकसान से), वीरेंद्र सहवाग नौंवे (एक पायदान के फायदे से), युवराज सिंह 12वें (तीन पायदान के नुकसान) और गौतम गंभीर 19वें स्थान पर काबिज हैं। कोहली ने ट्राई सीरीज में सर्वाधिक 275 रन बनाए थे, जिसमें बांग्लादेश के खिलाफ नाबाद 102 रन की पारी शामिल है। कोहली को 26 स्थान का लाभ हुआ और अब वे शीर्ष 20 के बाहर 21वें नंबर पर हैं।