अन्य ख़बरें
25 मार्च का बजट घाटे पर केंद्रितवित्त मंत्री ड्वाधइट डंकन 25 मार्च को राज्य का बजट पेश करेंगे। ओंटेरियो को 2009-10 में रिकार्ड 24.7 बिलियन का घाटा सहना पड़ा है। घाटे को किस तरह और कितने समय में कम किया जायेगा इसी पर इस बार का बजट केंद्रित होगा।
हाल ही में पेश संघीय बजट में घाटे को पाँच वर्षों में पूरी तरह खत्म करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके विपरीत डंकन का कहना है कि राज्य के घाटे को कम करने के लिये पाँच वर्ष की अवधि कम पड़ेगी। जानकारों का कहना है कि यदि राज्य सरकार सही दिशा में जी तोड़ मेहनत करे तो 5 से 7वर्षों में घाटे को कम कर सकती है।
स्कोशिया बैंक के प्रमुख अर्थशास्त्री वॉरेन जस्टिन ने विधायिका की वित्त समिति को बताया, "विकास की धीमी गति को देखते हुये घाटे को कम करने में लंबा वक्त लग सकता है। जिस तरह की वृद्धि दर अभी है उस हिसाब से यदि पाँच या सात सालों में राज्य सरकार घाटे को कम करके दिखाती है तो यह अपने आप में एक बड़ी उपलब्धी होगी।"
रॉयल बैंक ऑफ कैनेडा द्वारा जारी ताजा आँकड़े बताते हैं कि इस साल ओंटेरियो में वृद्धि दर 3.3 प्रतिशत और अगले वर्ष 4.1 प्रतिशत रहने की संभावना है जिसका मतलब है राज्य की आय में एक बड़ी वृद्धि होगी।
8 मार्च को वसंत सत्र के उद्घाटन भाषण में सरकार ने इस बात के संकेत दिये थे कि घाटे को कम करने के लिये सरकार खर्चों में अंधाधुंध कटौती नहीं करेगी। सरकार का कहना है कि वे कटौती करके आर्थिक विकास को खतरे में नहीं डाल सकते लेकिन इस तरह भी खर्च नहीं कर सकते जैसे कोई घाटा हुआ ही न हो।
स्वास्थ्य सेवा की बढ़ती हुई कीमतों ने सभी सरकारों की नींद उड़ा रखी है जो प्रांत सरकार द्वारा खर्च किये जाने वाले हर डॉलर में से 46 सेंट का हिस्सा रखती है।
नए वित्त पोषण के मॉडल के बारे में वार्ता
सरकार पहले ही ये घोषणा कर चुकी है कि वो अस्पतालों को सहायता देने के नये उपायों पर विचार कर रही है और 25 तारीख को इस बात का खुलासा होने की पूरी संभावना है कि आखिर ये नये उपाय हैं क्या।
बजट में प्रोत्साहन पैकेज के दूसरे चरण में दी जाने वाले 17.6 बिलियन डॉलर की राशी का भी ज़िक्र होगा लेकिन मैग्युंटी ने उद्योग जगत को पहले ही चेतावनी दे दी है कि इसके बाद उन्हें राज्य सरकार की ओर से किसी अन्य सहायता की उम्मीद नहीं करनी चाहिये।
बजट में साफ पानी प्रौद्योगिकी को विकसित करने पर भी जोर होगा जिसे वे दुनिया भर में बेच सकते हैं। बजट में 1 जुलाई से शुरू होने वाले हार्मोनाइज़्ड सेल्स टैक्स से राज्य सरकार को होने वाली आय का विवरण भी होगा। सरकार का कहना है कि 13 प्रतिशत एचएसटी के साथ कार्पोरेट और इंकम टैक्स में कटौती की सहायता से व्यवसायों को मंदी से जल्दी उबरने में मदद मिलेगी और वे नये लोगों को काम पर रख सकेंगे।
बजट में पाँच वर्षीय आर्थिक सुधार योजना पर भी प्रकाश डाला जायेगा जिसमें कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में 20,000 पदों को निर्मित करने में होने वाला खर्च भी शामिल है।
सरकार उच्च माध्यमिक शिक्षा के बाद की शिक्षा पर जोर देना चाहती है जिससे की बड़ी मात्रा में विदेशी छात्रों को आकर्षित किया जा सके जिससे कुछ धन जुटाया जा सकेगा।


ओंटेरियो को २००९-१० में २४.७ बिलियन का घाटा