
बैतुल्लाह के समर्थकों में संघर्ष
बैतुल्लाह पर रहस्य गहरा हुआ
पाकिस्तान में तालेबान के नेता बैतुल्लाह महसूद की कथित मौत को लेकर रहस्य गहरा होता जा रहा है.इस तरह की रिपोर्टें आ रही हैं कि बैतुल्लाह महसूद के उत्तराधिकार को लेकर दो गुटों में गोलीबारी हुई है.
पाकिस्तानी अधिकारियों का दावा है कि उनके पास इसके पुख़्ता सबूत हैं कि बैतुल्लाह महसूद अमरीकी ड्रोन हमले में मारे गए हैं.
लेकिन तालेबान के एक वरिष्ठ कमांडर हकीमुल्लाह महसूद ने बीबीसी से संपर्क साधा और दावा किया कि उनके नेता ज़िंदा हैं और अच्छे हैं.
लेकिन अब पाकिस्तान के अधिकारियों ने एक और दावा किया है. उनका कहना है कि बैतुल्लाह महसूद के उत्तराधिकार को लेकर हुए संघर्ष में ख़ुद हकीमुल्लाह महसूद मारे गए हैं.अस्पष्ट स्थिति
इस्लामाबाद से बीबीसी संवाददाता अलीम मक़बूल का कहना है कि स्थिति बहुत अस्पष्ट है और सूचनाएँ सूबा सरहद स्थित चरमपंथियों के गढ़ से आ रही अफ़वाहों पर आधारित हैं.
अमरीकी और पाकिस्तानी सरकार का कहना है कि उनके ख़ुफ़िया तंत्र बताते हैं कि बुधवार को अमरीकी मिसाइल हमले में बैतुल्लाह महसूद मारे गए हैं.
पाकिस्तान के आंतरिक सुरक्षा मामलों के मंत्री रहमान मलिक ने बीबीसी को बताया है कि उनके पास ऐसी रिपोर्टें हैं कि दक्षिणी वज़ीरिस्तान में नए नेता का फ़ैसला करने के लिए बुलाई गई तालेबान कमांडरों की बैठक में गोलीबारी हुई.
अपुष्ट रिपोर्टों के मुताबिक़ इस गोलीबारी में बैतुल्लाह महसूद के क़रीबी और तालेबान के उपनेता हकीमुल्लाह महसूद मारे गए.
दावा
हालाँकि इससे पहले हकीमुल्लाह महसूद ने ही बीबीसी से संपर्क करके दावा किया था कि उनके नेता ज़िंदा हैं.रहमान मलिक ने बताया कि उत्तराधिकार के लिए हुई लड़ाई में तालेबान के एक अन्य नेता वली-उर-रहमान भी कथित रूप से शामिल थे.
उन्होंने तालेबान को चुनौती दी कि वह यह साबित करे कि उनके नेता अब भी ज़िंदा हैं. हालाँकि तालेबान कमांडरों ने इस चुनौती को ख़ारिज करते हुए कहा है कि यह उनके नेता को बाहर लाने की साज़िश है.इस बीच बैतुल्लाह महसूद के विरोधी तालेबान के एक अन्य ग्रुप के प्रवक्ता मौलवी सैफ़ुल्लाह महसूद ने कहा है कि बैतुल्लाह के समर्थक नया नेता चुनने के लिए एक-दूसरे से ही लड़ रहे हैं.
उन्होंने बताया, "बैतुल्लाह के समर्थकों में मतभेद पैदा हो गया है. इसलिए वे दावा कर रहे हैं कि उनके नेता ज़िंदा हैं."